राजधानी दिल्ली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई हैं। जहां एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 24 वर्षीय कीर्ति शर्मा के रूप में हुई हैं, जो उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर, रुद्रपुर की रहने वाली थी। यह घटना पहाड़गंज इलाके के न्यू विक्टोरिया होटल में शनिवार को हुई थी। बताया जा रहा हैं कि हत्या का आरोप मथुरा के सराय अजमाबाद के रहने वाले उसके पति गोपाल शर्मा (24 वर्ष) पर लगा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को गोपाल और कीर्ति शाम 6:35 बजे पति-पत्नी बनकर होटल में चेक-इन के लिए गए थे। उसी दिन रात को लगभग 9:00 बजे गोपाल बाहरखाना खाने का बहाना बनाकर होटल से निकला लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले ही दिन तड़के 2:45 बजे उत्तर प्रदेश के मथुरा हाईवे थाने से होटल मैनेजर प्रेम कुमार को एक कॉल आया।
साल के जरिए मैनेजर को जानकारी दी गई कि दिल्ली के होटल में एक महिला की हत्या हुई हैं और कमरे की जांच के लिए कहा गया। इसके बाद होटल मैनेजर ने जब कमरे की जांच की तो कीर्ति शर्मा मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी मिली। मैनेजर ने तुरंत मामले को लेकर पहाड़गंज थाना पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
इसी बीच दिल्ली पुलिस को पता चला कि आरोपी गोपाल शर्मा ने मथुरा पहुंचकर स्वयं 112 नंबर पर कॉल कर अपनी पत्नी की हत्या की बात स्वीकार की और आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी को हाईवे पुलिस स्टेशन मथुरा ने हिरासत में लेकर बाद में दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूछताछ में गोपाल ने बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध था। इसी शक के चलते उसने गुस्से में आकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। फिलहाल, दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हैं और आगे की जांच जारी है।