सीएम अरविंद केजरीवाल ने एएसआई स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा के परिवार को दी एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने साउथ-वेस्ट दिल्ली के मधु विहार में रहने वाले एएसआई स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा के परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और दिल्ली सरकार की ओर से एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि का चेक सौंपा। मायापुरी थाने में तैनात एएसआई शंभु दयाल बीती 4 जनवरी को एक महिला की शिकायत पर मोबाइल छीनने के आरोपी को पकड़ने गए थे। आरोपी ने चाकू से हमला कर उनको गंभीर रूप से घायल कर दिया और अस्पताल में उनका निधन हो गया। इस दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एएसआई शहीद शंभु दयाल ने बड़ी बहादुरी से जनता की सेवा की। उनकी शहादत व हिम्मत को पूरी दिल्ली और देश सलाम करता है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली पुलिस एएसआई शहीद शंभु दयाल की बहादुरी पर पूरी दिल्ली और देश को गर्व है। माननीय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी ने उनके परिवार से मिलकर एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि का चेक सौंपा। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शंभु दयाल जी के परिवार का ध्यान रखना अब हमारी ज़िम्मेदारी है।

एएसआई स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा के बारे में-

स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा मूल रूप से राजस्थान के सीकर के रहने वाले थे। उनके पिता का नाम मातादीन मीणा है। उनकी उम्र 57 वर्ष थी। वह वर्ष 1993 में पुलिस सेवा में शामिल हुए थे और वर्तमान में वो दिल्ली पुलिस में बतौर सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) कार्यरत थे और उनकी तैनाती मायापुरी थाने में थी। गत 04 जनवरी 2023 को एक महिला मायापुरी थाने आई और उसने शिकायत की कि एक व्यक्ति ने उसके पति का मोबाइल फोन छीन लिया है और वो उन्हें धमकी दे रहा है। चूंकि उस दिन थाने के बाकी पुलिसकर्मी अन्य पीसीआर कॉल पर व्यस्त थे। इसलिए एएसआई शंभु दयाल मीणा अकेले ही शिकायतकर्ता के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने चाकू निकाल लिया और उनके उपर कई बार हमला किया। खाली हाथ होने के बावजूद शंभु दयाल मीणा ने अत्यधिक साहस का परिचय देते हुए अपराधी को दबोच लिया और पुलिस थाने से पुलिस बल के पहुंचने तक अपराधी को भागने नहीं दिया।

गंभीर रूप से घायल एएसआई शंभु दयाल मीणा को इलाज के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया और बाद में बीएल कपूर अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। डॉक्टरों ने अपने स्तर पर उन्हें बचाने के पूरे प्रयास किए। डॉक्टरों के सारे प्रयासों के बावजूद 8 जनवरी 2023 को शंभु दयाल मीणा का निधन हो गया। स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा के परिवार में उनकी पत्नी संजना और तीन बच्चे गायत्री (25), दीपक (23) और प्रियंका (21) हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल ने बतौर सम्मान राशि स्वर्गीय शंभु दयाल मीणा की पत्नी श्रीमती संजना को 60 लाख रुपए और उनके पिता मातादीन मीणा को 40 लाख (कुल एक करोड़ रुपए) का चेक सौंपा।

Narender Dhawan
Author: Narender Dhawan

Leave a Comment