Delhi Mayor Election2024: दिल्ली नगर निगम महापौर के चुनाव पर संशय, चुनाव आयोग से नहीं मिली मंजूरी

DelhiMayorElection2024: देश में आम चुनवों के मद्देनज़र दिल्ली नगर निगम महापौर के चुनाव पर संशय लगातार बना हुआ है। महापौर के चुनाव के लिए भारतीय चुनाव आयोग से मंजूरी नहीं मिली है। दिल्ली उपराज्यपाल की तरफ से भी अभी तक पीठासीन अधिकारी नामित नहीं किया गया है। इस कारण निगम मुख्यालय में 26 अप्रैल को होने वाले चुनाव टालने की अटकलें तेज़ हो गयी है। हालाँकि, अभी तक औपचारिक तौर पर इसकी घोषणा नहीं हुई है।

दिल्ली नगर निगम की तरफ निगम चुनाव की सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली गयीं है। चुनाव 26 अप्रैल को सुबह 11 बजे कराने के लिए मंगलवार को निगम सचिव कार्यालय ने इससे जुड़ा एजेंडा सभी निगम सदस्यों को सार्वजनिक रूप से भेज दिया है, लेकिन एजेंडे पर साफ तौर पर लिखा है कि चुनाव होगा या नहीं ये चुनाव आयोग की तरफ से अनुमति मिलने और पीठासीन अधिकारी नामित होने के बाद ही तय हो पाएगा। निगम सदन की बैठक के 72 घंटे पहले एजेंडा भेजना होता है, इसलिए निगम की ओर से कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गई हैं।

विधानसभा अध्यक्ष की ओर से 14 विधायकों के नाम नामित
दूसरी तरफ वित्तीय वर्ष 2023-24 में निगम का प्रतिनिधित्व करने के लिए दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष की ओर से 14 विधायकों के नाम नामित कर दिए गए हैं। मेयर चुनाव होने पर संशय जरूर है पर काम चलते रहना चाहिए। इसीलिए दिल्ली विधानसभा सचिवालय से इसकी सूची जारी की गई है। विश्वास नगर से भाजपा विधायक ओम प्रकाश शर्मा के अलावा आप पार्टी के 13 विधायक धनवती चंदेला, अजय दत्त, अजेश यादव, वंदना कुमारी, दिलीप कुमार पाण्डेय, हाजी यूनुस, पवन शर्मा, प्रवीण कुमार, प्रीति जितेन्द्र तोमर, शरद कुमार चौहान, शिव चरण गोयल, सोम दत्त और विशेष रवि के नाम इसमें शामिल हैं। ये सभी मेयर चुनाव में हिस्सा लेंगे।

बता दें दिल्ली नगर निगम के महपौर और उपमहापौर के चुनाव 26 अप्रैल को होने है। आम आदमी पार्टी की तरफ से महापौर के लिए वार्ड नंबर 84 देव नगर से पार्षद महेश खिची और उपमहापौर के लिए वार्ड नंबर 41 अमन विहार से पार्षद रविंद्र भारद्वाज को नामित किया है। इस चुनाव में कांग्रेस का समर्थन आम आदमी पार्टी के साथ है, वहीं भाजपा ने बहुमत न होते हुए भी आम आदमी पार्टी को वॉकओवर नहीं दिया है। भाजपा ने वार्ड नंबर 62 शकूरपुर से पार्षद किशन लाल और उपमहापौर पद के लिए वार्ड नंबर 247 सादतपुर से पार्षद नीता बिष्ट कोे उम्मीदवार बनाया है।

Mehak Bharti
Author: Mehak Bharti

Leave a Comment