राह चलती महिला को पहले मारे थप्पड़, बच्चे को भी नहीं छोड़ा

दिल्ली : दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक शख्स ने राह चलती महिला और उसके बच्चे के साथ मारपीट की है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सीसीटीवी वीडियो 16 जुलाई का बताया जा रहा है। सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है कि शख्स ने पहले महिला को थप्पड़ मारे और उसके बच्चे के साथ भी मारपीट की। इसके बाद उसने डंडे से महिला पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं महिला को बचाने के लिए आए अन्य लोगों पर भी उसने हमला किया।

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि महिला और बच्चे जा रहे हैं। सामने एक व्यक्ति आता है और दोनों को रोक लेता है। कुछ सेकेंड बहस होती है और व्यक्ति हाथ छोड़ देता है। महिला को तमाचा मारता है, बच्चे को भी थप्पड़ जड़ा। छोटा बच्चा डरकर वहां से भाग जाता है। फिर वह व्यक्ति पूरा गुस्सा महिला पर निकालने लगता है। थप्पड़ से मन नहीं भरता तो पास में पड़ा डंडा उठाकर महिला को पीटने लगता है। करीब एक मिनट के वीडियो के आखिर में कुछ लोग महिला को बचाने आते दिखते हैं।

पीड़िता महिला का नाम किरन बताया जा रहा है। किरन ने कहा कि विवाद ठीहे के किराये को लेकर हुआ था। जो आदमी डंडे से पीट रहा है, वह किरन के मकान मालकिन का पति है।

समझौते का दबाव बना रही पुलिस: पीड़िता
किरन ने बताया कि उन्होंने पुलिस में शिकायत की थी। पुलिस टीम आई और उन्हें अस्पताल में छोड़कर चली गई। किरन ने कहा कि उनके कंधे और छाती में अंदरूनी चोटें आई हैं। पैर में भी चोट लगी है। किरन ने कहा कि पुलिस ने दिखावे के लिए आरोपी व्यक्ति को बंद रखा। अगले दिन पुलिस ने किरन का नंबर ब्लैकलिस्ट में डाल दिए। किरन ने आरोप लगाया कि पुलिस समझौते का दबाव बना रही है।

Shanu Jha
Author: Shanu Jha

Leave a Comment