दिल्ली में रंजिश के चलते युवक की ईंट से सिर कुचलकर हत्या

नई दिल्ली। बदला लेने की सनक के चलते लोग सामने वाले के परिवार और यहाँ तक कि अपने कार्यों के परिणामों के बारे में भी नहीं सोचते व अपनी सारी हदें पार कर देते हैं। पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर से एक मामला सामने आया है जहां एक शख्स ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर 24 वर्षीय शुभम शर्मा नामक व्यक्ति की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी।

शुरुआती जांच में पता चला कि इनके बीच पहले से रंजिश चल रही थी। पुलिस ने मामले की छानबीन कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, राजस्थान का रहने वाला शुभम परिवार के साथ ओम विहार में रहता था। परिवार में पिता गजेन्द्रपाल, मां व एक बहन है। शुभम अपने पिता के साथ प्रिंटिंग प्रेस में काम करता था। उसके चाचा गजानंद ने बताया कि रविवार देर रात शुभम अपने दोस्त विक्की के साथ पार्टी करने गया था। शुभम मेट्रो पिलर नंबर 714 के सामने एक ढाबा में बैठा हुआ था। खाने के दौरान उसका कुछ युवकों से झगड़ा हो गया। शुभम ने अपने चचेरे भाई रोहित को फोन कर बुला लिया।

इसी दौरान हमलावर के 10-12 दोस्त वहां पहुंच गए और शुभम के साथ मारपीट करने लगे। हमलावर उसे पहली मंजिल से नीचे खींचकर लाए और उसके सिर में पत्थर से वार करने लगे। शुभम का सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिवार वाले उसे अस्पताल में ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त हर्षवर्धन ने बताया कि देर रात पुलिस को झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल को पास के अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस अस्पताल पहुंची जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उत्तम नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने एक आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान प्रद्युमन के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी की पहले से शुभम के साथ रंजिश थी। शुभम के चाचा गजानंद ने बताया कि घटना के बाद बिंदापुर व उत्तम नगर थाना पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। मामले की जांच में हो रही देरी को लेकर शुभम के परिवार वालों ने सड़क जाम कर दी और प्रदर्शन शुरू कर दिया। दो घंटे के प्रदर्शन के बाद उत्तम नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। उनका यह भी आरोप है कि घायल शुभम को कई अस्पतालों ने भर्ती करने से मना कर दिया। ज्यादा खून निकल जाने की वजह से उसकी मौत हो गई।

Harnam
Author: Harnam

Leave a Comment