कद्दू के बीज का हलवा रेसिपी: हेल्दी, टेस्टी और झटपट बनने वाला डेजर्ट

अगर आपको मीठा पसंद है, तो आप अक्सर घर में सूजी, आटे या बेसन का हलवा बनाकर खाते ही होंगे. ये हलवा खाने में बेहद स्वादिष्ट लगते हैं. लेकिन अगर आप इन चीजों का हलवा खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया, टेस्टी और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो आज हम आपको एक ऐसी रेसिपी बताने वाले हैं जो न केवल स्वादिष्ट है बल्कि हेल्दी भी है. इस बार जब आपका मन हलवा खाने का करे तो कद्दू के बीज का हलवा बनाकर देखें. ये हलवा स्वाद में इतना लाजवाब होता है कि एक बार खाने के बाद हर कोई इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाता. खास बात ये कुछ ही मिनटों में आसानी से तैयार हो जाता है.

अगर घर में अचानक कुछ मीठा खाने का मन हो जाए या मेहमानों के लिए झटपट कोई अलग डेजर्ट बनाना हो, तो कद्दू के बीजों का हलवा एक परफेक्ट ऑप्शन साबित हो सकता है. चलिए जानते हैं कैसे बनाते हैं कद्दू के बीजों का हलवा.

इंग्रेडिएंट्स:
    आधी कटोरी कद्दू के बीज
    आधी कटोरी बारीक सूजी
    2-3 बड़े चम्मच घी
    आधी कटोरी चीनी
    गरम पानी (जरूरत अनुसार)
    काजू
    किशमिश
    सूखा नारियल (गार्निश के लिए)

बनाने का तरीका:
1.
सबसे पहले कद्दू के बीजों को मिक्सी के जार में डालकर दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि बीजों का बिल्कुल बारीक पाउडर नहीं बनाना है.

2.  अब कड़ाही में घी गर्म करें और उसमें बारीक सूजी डाल दें. सूजी को लगातार चलाते हुए हल्का सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद इसमें पिसे हुए कद्दू के बीज डाल दें और दोनों चीजों को 5 से 7 मिनट तक अच्छे से भून लें. जब इनका रंग बदलने लगे और खुशबू आने लगे, तो समझ जाइए कि ये अच्छी तरह तैयार हो चुका है.

3. भुने हुए मिश्रण में धीरे-धीरे गरम पानी डालें और लगातार चलाते रहें ताकि गुठलियां न बनें. चाहें तो पानी की जगह दूध का इस्तेमाल भी कर सकते हैं, इससे हलवा और ज्यादा क्रीमी बनता है. फिर इसमें चीनी डालें. चीनी की मात्रा आप अपने स्वाद के हिसाब से कम या ज्यादा कर सकते हैं.

4.  इसके बाद हलवे को शाही टेस्ट देने के लिए उसमें काजू और किशमिश डाल दें और कुछ मिनट तक अच्छे से चलाएं. धीरे-धीरे हलवा गाढ़ा होने लगेगा और शानदार टेक्शचर आ जाएगा.

5.  जब हलवा अच्छी तरह पक जाए, तो गैस बंद कर दें. ऊपर से सूखा नारियल डालकर गार्निश करें. गरमा-गरम परोसें और मजा लें.

Editor
Author: Editor

Leave a Comment