दिल्ली में फिर हुआ कंझावला जैसा कांड, घसीटने से शरीर का उधड़ गया मांस

नई दिल्ली। अभी कंझावला कांड को गुजरे हुए कुछ महीने ही हुए थे कि राजधानी से ऐसा ही एक मामला सामने आया है जिसमें एक ई-रिक्शा चालक को तेज रफतार गाड़ी ने टक्कर मारने के बाद करीब 350 मीटर तक घसीटा गया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा लिखा है।

इस दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक मनोज को कई गंभीर चोटें आई हैं। सड़क पर कई मीटरों तक घसीटने के चलते मनोज के दोनों पैरों के घुटने से नीचे का पूरा मांस घिस गया था। पीठ से भी मांस हट गया था। इससे पैरों व पीठ की हड्डियां दिखाई देने लगी हैं। नई दिल्ली जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कच्ची सराय सक्को वाली गली, मुराद नगर गाजियाबाद यूपी निवासी फरमान अपनी बहन, महिला दोस्त व दोस्त के साथ घूमने गुरुग्राम गया था।

इसी कार से मनोज को टक्कर मारकर 350 मीटर तक घसीटा गया था

सड़क दुर्घटना के समय ये लोग वापस लौट रहे थे। इसने फिरोजशाह रोड पर रिक्शा को पीछे से जबरदस्त तरीके से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद रिक्शा तो आगे चला गया और मनोज हवा में उछलकर कार के बोनट पर जा गिरा। इसके बाद वह नीचे गिरकर पहिए के नीचे फंस गया। इससे कार टेड़ी-मेडी चलने लग गई। लेकिन चालक ने कार रोकने के बजाय उसकी गति बढ़ा दी। आगे लाइट सिग्नल व ट्रैफिक होने की वजह से उसे कार रोकनी पड़ी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार घिसटने से मनोज के दाहिना पैर के पीछे से और बाएं पैर का आगे की तरफ से व पीठ का मांस पूरी तरह खत्म हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक स्कूटर चालक अपने स्कूटर को कार के साथ दौड़ा कर चिल्लाता रहा, मगर कार चालक ने सुनी नहीं। संसद मार्ग थाना पुलिस ने आरोपी फरमान के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। उसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी का कहना है कि सड़क दुर्घटना के बाद वह डर गया था और भागने का प्रयास कर रहा था।

Harnam
Author: Harnam

Leave a Comment