तेजी से बढ़ रहा यमुना नदी का जलस्तर, दिल्ली के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा

Delhi Weather Flood Update: दिल्ली समेत उत्तर-भारत के अधिकांश राज्यों में बीते सप्ताह मानसून की बारिश आफत बनकर बरसी। दिल्लीवालों की मुसीबतें बढ़ने के पूरे आसार हैं क्योंकि बारिश का थमा हुआ सिलसिला फिर शुरू होने वाला है और हरियाणा का पानी यमुना जलस्तर बढ़ा रहा है। दिल्ली-एनसीआर में इस सप्ताह भी बारिश होगी और 15-16 तारीख के लिए बारिश का यलो अलर्ट है।

सांप व बिच्छू का खतरा बढ़ा
मयूर विहार सब डिवीजन के तहसीलदार विनोद कुमार सिंह ने बताया कि रात में पानी बढ़ने पर ऊंची व सूखी जगहों पर पानी भरने लगा तो सांप व बिच्छू निकलने लगे। लोगों को उनके घरों के पास जाकर समझाने की कोशिश की गई कि अब तराई इलाके में रहना उनके लिए सुरक्षित नहीं है। बाढ़ का खतरा होने के साथ-साथ सांप-बिच्छू भी लोगों की जान के लिए खतरा बन सकते हैं।

यमुना का जलस्तर 207.37 मीटर पर पहुंचा
यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बुधवार सुबह 10 बजे तक नदी का जलस्तर 207.37 मीटर हो गया।

अगले दो घंटे में दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश के आसार
अगले दो घंटे में दिल्ली-एनसीआर के लोनी देहात, हिंडन एएफ स्टेशन बवाना, सीमापुरी, पश्चिम विहार, कश्मीरी गेट, राजौरी गार्डन, लाल किला इलाकों में हल्की से मध्य तीव्रता की बारिश के आसार हैं।

आईटीओ पर छठ घाट जलमग्न
आईटीओ पर छठ घाट पूरी तरह जलमग्न हो गया। बेंच, पोल जलमग्न हो गए हैं। आईटीओ ब्रिज पर पानी का तेज बहाव दिख रहा है।

चिल्ला से एनएच-24 तक तीन किमी तक टेंट
यमुना की तराई से निकाले लोगों के लिए चिल्ला से एनएच-24 तक, डीएनडी से निजामुद्दीन फ्लाइओवर और यमुना बैंक से आईटीओ पुल तक राहत शिविर लगाए गए हैं। यहां खाने-पीने का इंतजाम है। सहायता समूहों की ओर से मेडिकल कैंप भी लगा दिए गए हैं। रात में निकाले लोगों को यहां सुबह करीब नौ बजे खाना दिया गया था और दोपहर में करीब डेढ़ बजे टेंट लगाने शुरू किए गए। नोएडा-दिल्ली लिंक रोड पर करीब 1000 राहत शिविर लगाए गए हैं। डूसिब की तरफ से यहां पर मोबाइल टॉयलेट लगाने की तैयारी की जा रही थी।

ट्रेनों का रूट परिवर्तित किया
जल स्तर बढ़ने से पुराना लोहे का पुल बंद कर दिया गया है। इसके ऊपरी हिस्से में न तो ट्रेनें गुजर रहीं हैं, न ही निचले हिस्से से वाहन। ट्रेनों का रूट परिवर्तित किया गया है।

लोगों को सुरक्षित स्थानों ले जाया जा रहा
खादर की झुग्गियों से करीब 27 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। इनके लिए राहत शिविर लगाए गए हैं।

यमुना ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें
यमुना बाजार व मॉनेस्ट्री समेत तटों के किनारे बसीं कई कालोनियों में पानी भर गया है। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा जा रहा पानी
हरियाणा के हथिनीकुंड से लगातार पानी छोड़े जाने से मंगलवार को यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर पहुंच गया।

दो दिन की बारिश ने किया जुलाई का कोटा पूरा
शनिवार सुबह 8:30 बजे से रविवार शाम 5:30 बजे तक 258.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इस तरह से दो दिन की बारिश से ही जुलाई की वर्षा का कोटा पूरा हो चुका है।
Delhi Weather Flood Update: तेजी से बढ़ रहा यमुना नदी का जलस्तर, दिल्ली के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा
भारी बारिश और हरियाणा से छोड़े गए पानी के चलते यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बुधवार सुबह नदी का जलस्तर 207.18 तक पहुंच गया।

Shanu Jha
Author: Shanu Jha

Leave a Comment